त्योहारों के दौरान जयपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जाएगा। बुधवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान स्टेशन पर संभावित भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया जाएगा। इसके तहत स्टेशन परिसर में बनाए गए होल्डिंग एरिया के माध्यम से यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित होगी और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जाएगा। यात्रियों को स्टेशन पर आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने स्टेशन का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने, सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और स्टेशन पर उपलब्ध स्थान का उचित उपयोग करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सुव्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और साइनेज की व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा इन्हें बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

उल्लेखनीय है कि जयपुर रेलवे स्टेशन का वृहद स्तर पर पुनर्विकास कार्य भी प्रगति पर है। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर कार्यरत सभी संबंधित कर्मचारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों को यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा के साथ श्री रवि जैन, मंडल रेल प्रबंधक-जयपुर, श्री विवेक सक्सेना, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), श्री जे. एस. लाकरा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर सहित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच होल्डिंग एरिया और रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान के जरिए जयपुर रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षा बनाए रखने और यात्रियों का आवागमन सुगम बनाने की तैयारी की जा रही है।

Next Story