जयपुर डाक मंडल ने बनाया रिकॉर्ड, मार्च में 1 करोड़ से अधिक प्रीमियम अर्जित
प्रवर अधीक्षक मोहन सिंह मीणा के नेतृत्व में जयपुर नगर मंडल राजस्थान में प्रथम स्थान पर रहा, वित्त वर्ष 2025-26 में 5.50 करोड़ का प्रीमियम संग्रह।

राजस्थान की राजधानी में डाक जीवन बीमा (PLI) के क्षेत्र में जयपुर नगर मंडल ने एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। परिमंडल कार्यालय के दिशा-निर्देशानुसार मार्च माह में संचालित 'करोड़पति मंडल बनने के लिए डोर टू डोर अभियान' के अंतर्गत मंडल ने न केवल अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया, बल्कि मात्र एक महीने में 1 करोड़ रुपये से अधिक का प्रीमियम और 450 से अधिक पॉलिसी अर्जित कर इतिहास रच दिया। माननीय प्रवर अधीक्षक श्री मोहन सिंह मीणा के कुशल नेतृत्व में जयपुर नगर मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 3002 पॉलिसियों के माध्यम से 5.50 करोड़ रुपये का प्रथम प्रीमियम संग्रहित किया है, जिसके साथ ही यह मंडल पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान पर काबिज हो गया है।
प्रवर अधीक्षक श्री मोहन सिंह मीणा ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बनाई गई विशेष कार्य योजना को दिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक डाकघर में विशेष टीमें गठित की गईं जिन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों को योजनाओं के लाभों से अवगत कराया, जिसकी मंडल कार्यालय द्वारा निरंतर दैनिक मॉनिटरिंग की गई। श्री मीणा ने स्पष्ट किया कि यह योजना सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ डिप्लोमाधारी और स्नातक युवाओं के लिए भी उपलब्ध है, जो अन्य निजी कंपनियों की तुलना में न्यूनतम प्रीमियम पर सर्वाधिक बोनस और अधिकतम लाभ सुनिश्चित करती है।
इस विशेष अभियान में जयपुर के विभिन्न डाकघरों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई, जिनमें मुरलीपुरा, शास्त्री नगर, जयपुर जीपीओ, गांधी नगर, दुर्गापुरा, मालवीय नगर, पीडब्ल्यूडी और जगतपुरा डाकघरों ने निर्धारित लक्ष्यों से भी अधिक प्रीमियम अर्जित कर सराहनीय प्रदर्शन किया। इस पूरी कार्य योजना को धरातल पर उतारने में उप अधीक्षक श्री देवेंद्र शर्मा, श्री सुनील कुमार (ASP HQ), और श्री मनीष कुमार (निरीक्षक परिवाद) के साथ सहायक अधीक्षक श्री राजवीर शंखवार एवं श्री बी बी जग्गा सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
डाक विभाग अब डिजिटल इंडिया की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाते हुए प्रीमियम भुगतान को और भी सुगम बना चुका है। अब ग्राहक फोनपे, यूपीआई, नेट बैंकिंग और ईसीएस जैसे आधुनिक माध्यमों से घर बैठे भुगतान कर सकते हैं। प्रवर अधीक्षक श्री मीणा ने आमजन से अपील की है कि वे भारत सरकार के इस अटूट भरोसे और विश्वसनीय योजना से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित करें और अधिकतम लाभ उठाएं। यह उपलब्धि जनता के डाक विभाग के प्रति निरंतर बढ़ते अटूट विश्वास का जीवंत प्रमाण है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
