राष्ट्रीय एकता दिवस पर जयपुर पुलिस का विशेष आयोजन, चित्रकूट थाने में हुआ एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की उपस्थिति में चित्रकूट थाने में गुजरात की एकता परेड का बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया।

चित्रकूट पुलिस थाने के बाहर गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेते पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा।
जयपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से चित्रकूट पुलिस थाने में एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। शनिवार, 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी स्क्रीन पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित एकता परेड का प्रसारण किया गया, जिसे पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने देखा।
इस अवसर पर महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने लौह-पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि भविष्य में राष्ट्र की एकता और सुरक्षा बनाए रखने, उसे और अधिक सुदृढ़ करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी पुलिस थानों में एकता परेड का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया, जिसे स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जुड़े।
जयपुर पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित एकता परेड-2026 का चित्रकूट थाने में बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस थानों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना था। इस पहल के जरिए आमजन को राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों से जोड़ने और उनकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एकता परेड का सीधा प्रसारण देखा और सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा ली। साथ ही राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विशेष पुलिस आयुक्त श्री ओमप्रकाश, उप महानिरीक्षक पुलिस श्री कुंवर राष्ट्रदीप, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) श्री प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री प्रवीण नायक नूनावत, उपायुक्त (पश्चिम) श्री प्रशांत किरण, उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती अनुष्ठा कालिया और आईपीएस सुश्री अदिति उपाध्याय सहित आयुक्तालय के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े प्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने भी भाग लिया।
चित्रकूट थाने में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों तक पहुंचाया गया।

