जयपुर: रिश्वत लेते पकड़े गए पटवारी विक्रम बुनकर निलंबित, कलक्टर ने दिए आदेश
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा बस्सी में रंगे हाथों गिरफ्तारी के बाद जिला कलक्टर संदेश नायक ने पटवारी को सेवा से निलंबित कर शाहपुरा मुख्यालय भेजा।

जयपुर, 08 अप्रेल। भ्रष्टाचार के मामले में दोष सिद्ध होने पर जिला कलक्टर श्री संदेश नायक ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन पटवारी श्री विक्रम बुनकर को राजस्थान अधीनस्थ सेवा से निलम्बित करने के आदेश जारी किए हैं।
मामले का विवरण और गिरफ्तारी
जिला कलक्टर के आदेशानुसार श्री विक्रम बुनकर, पटवारी प.ह. झर, तहसील बस्सी जिला जयपुर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जयपुर (राज.) में अपराध संख्या 0068/2026 पंजीबद्ध होने एवं दिनांक 14.03.2026 को रिश्वत राशि लेते हुये भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार होने व न्यायिक अभिरक्षा में जाने पर राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियत्रंण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्री विक्रम बुनकर, पटवारी को न्यायिक अभिरक्षा में जाने की तिथि 14.03.2026 से तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है।
निलम्बन के बाद की कार्यवाही
जिला कलक्टर संदेश नायक ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए आदेश जारी किए हैं। निलम्बन काल में पटवारी विक्रम बुनकर का मुख्यालय तहसील शाहपुरा नियत किया गया है। यह निलम्बन आदेश भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई और न्यायिक हिरासत को आधार बनाकर तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
