जयपुर, 24 मार्च। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं छोटे जीवों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जयपुर में ‘परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ’ अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कलेक्ट्रेट परिसर में परिंडा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया तथा आमजन से भी इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सामूहिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने अपील की कि "बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।" उन्होंने आगे कहा कि "छोटे-छोटे प्रयासों से हम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीव-जंतुओं के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।"

अभियान की रूपरेखा और संस्थागत प्रयास

प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री रामवतार भारद्वाज ने बताया कि नव निर्माण एवं पर्यावरण केन्द्र, केशा का बास, करणसर द्वारा सामाजिक कल्याण गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत दस वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ’ अभियान के तहत शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घरों, कार्यालयों, स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों एवं पेड़ों पर पानी के बर्तन लगाए जाएंगे, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं छोटे जानवरों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

जन-आंदोलन बनाने की अपील और गणमान्य उपस्थिति

उन्होंने आमजन, संस्थाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि "वे अपने आसपास परिंडे लगाकर नियमित रूप से उनमें पानी भरें, जिससे अधिक से अधिक पक्षियों को राहत मिल सके और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सके।" इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती विनीता सिंह, श्री मेघराज मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story