जयपुर में पंचायतीराज आरक्षण लॉटरी स्थगित, नगरीय निकाय चुनाव बना वजह
नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की प्रक्रिया जारी रहने के कारण प्रशासनिक निर्णय; जिला परिषद, समिति और सरपंच पदों के लिए नई तिथियां बाद में होंगी जारी।

जयपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन को लेकर 17 एवं 18 सितंबर को होने वाली बैठक और लॉटरी कार्यक्रम को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी रहने के कारण यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है।
पंचायती राज संस्थाओं के लिए श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन की बैठक 17 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में निर्धारित थी। इस बैठक में जिला परिषद् सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन किया जाना था।
इसी क्रम में सरपंच एवं पंच के लिए 18 सितंबर को संबंधित उपखण्ड मुख्यालय पर बैठक निर्धारित की गई थी। जिला मुख्यालय एवं उपखंड कार्यालय स्तर पर होने वाले लॉटरी एवं आरक्षण कार्यक्रम को अब आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी रहने के कारण पंचायती राज संस्थाओं के लिए निर्धारित लॉटरी व आरक्षण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। अब इन बैठकों और आरक्षण प्रक्रिया के संबंध में आगामी आदेश के बाद ही कार्यक्रम तय किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
