जयपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के दौरान प्रवेश, सुरक्षा, कार्मिकों की नियुक्ति, पोस्टल बैलेट की गणना और ईवीएम के संचालन सहित प्रत्येक व्यवस्था के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, जयपुर में शुरू होगी। मतगणना का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में कार्मिक नियुक्त करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति के प्रत्येक वार्ड में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतों की गिनती होगी। इसके लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी पर्याप्त कार्मिक नियुक्त करेंगे। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और एक मतगणना सहायक तैनात रहेगा। इन कार्मिकों की नियुक्ति मतदान दल रचना प्रकोष्ठ के माध्यम से की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान सभी कार्मिकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

मतगणना में नियुक्त सभी कार्मिकों को 20 नवंबर को सुबह 6 बजे तक निर्धारित मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। वहां उन्हें आवंटित मतगणना कक्ष और टेबल से संबंधित नियुक्ति आदेश वितरित किए जाएंगे।

मतगणना कक्ष में उम्मीदवारों, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं और मतगणना अभिकर्ताओं को निर्धारित पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। उम्मीदवारों और निर्वाचन अभिकर्ताओं के पहचान पत्र जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी अथवा संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी जारी करेंगे। मतगणना स्थल पर प्रवेश के समय इन पहचान पत्रों का सत्यापन किया जाएगा।

मतगणना की प्रक्रिया वार्डवार संचालित होगी। एक मतगणना कक्ष में एक समय पर केवल एक ही वार्ड के मतों की गणना की जाएगी। किसी वार्ड का परिणाम घोषित होने के बाद उस वार्ड के सभी उम्मीदवारों और उनके अभिकर्ताओं को तत्काल मतगणना कक्ष तथा परिसर से बाहर जाना होगा। इसके बाद संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। माइक के माध्यम से अगले वार्ड के उम्मीदवारों और अभिकर्ताओं को मतगणना के लिए बुलाया जाएगा। उनके पहुंचने के बाद अगले वार्ड की मतगणना शुरू होगी।

पोस्टल बैलेट की गणना के लिए जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी और पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने स्तर पर संबंधित वार्डों के पोस्टल बैलेट को अलग-अलग छांटकर रखेंगे। प्रत्येक वार्ड में ईवीएम से मतगणना शुरू होने से पहले उसी वार्ड के पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। इसके बाद ही ईवीएम से मतगणना प्रारंभ होगी। किसी भी परिस्थिति में दो वार्डों के पोस्टल बैलेट की गणना एक साथ नहीं की जाएगी।

मतगणना पूरी होने के तुरंत बाद संबंधित जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी और पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी निर्वाचित सदस्य को निर्वाचन प्रमाण पत्र देने तथा शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी करवाएंगे। निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करने और शपथ लेने के बाद निर्वाचित सदस्य को भी मतगणना स्थल से प्रस्थान करना होगा।

ईवीएम के सुरक्षित परिवहन और भंडारण के लिए भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। ईवीएम संग्रहण कक्ष से मतगणना कक्ष तक मशीनें पहुंचाने तथा मतगणना के बाद उन्हें सुरक्षित वापस रखने की जिम्मेदारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों की होगी। संग्रहण कक्ष से मतगणना कक्ष तक ईवीएम तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी लेकर आएंगे। मतगणना पूरी होने के बाद ईवीएम और संबंधित सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निवारू रोड स्थित ईवीएम स्टोर में जमा करवाई जाएगी।

मतगणना स्थल पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष प्रतिबंध भी लागू रहेंगे। मतगणना में तैनात कार्मिकों और अन्य अधिकृत व्यक्तियों को मतगणना के दौरान परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। परिसर में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, ब्लेड सहित निषेधात्मक वस्तुएं लाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मतगणना दिवस पर व्यवस्था में नियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल, पेजर आदि लेकर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने संबंधित प्रभारियों को मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

Next Story