जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों के तहत पंचायती राज संस्थाओं के पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 23 और 24 सितंबर, 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी। आरक्षण लॉटरी के बाद जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए आरक्षित श्रेणियों का निर्धारण होगा।

जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला परिषद के सदस्यों, जयपुर जिले की समस्त पंचायत समितियों के प्रधान एवं पंचायत समितियों के सदस्यों के पदों के आरक्षण का निर्धारण एवं आवंटन 23 सितंबर, 2026 को जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार, कलेक्ट्रेट जयपुर में प्रातः 10.15 बजे किया जाएगा।

इसी प्रकार जयपुर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 24 सितंबर, 2026 को संबंधित उपखण्ड अधिकारी मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी।

जिला कलक्टर ने सभी संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सरपंच एवं वार्ड पंच के पदों के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने वाले पदों का निर्धारण सुनिश्चित करें।

इस प्रक्रिया के तहत 23 और 24 सितंबर को होने वाली आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्रवाई पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक चरण होगी।

Next Story