जयपुर में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद के निर्वाचन की तैयारियों के बीच संभावित अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के लिए 10 अक्टूबर को प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह कार्यशाला अपराह्न 3:30 बजे जयपुर कलेक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित सभागार में होगी।

कार्यशाला में जिला परिषद जयपुर के निर्वाचन के लिए पंचायती राज संस्थाओं के संभावित अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया और चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा डीएलएमटी/बीएलएमटी मौजूद रहेंगे और अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराएंगे।

कार्यशाला में मीडिया एवं सोशल मीडिया की भूमिका के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी। पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य संभावित अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी निर्देशों की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक प्रावधानों को समझ सकें।

Next Story