पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। चतुर्थ चरण के निर्वाचन में शामिल संबंधित क्षेत्रों में 14 और 16 नवंबर को मतदान दिवस पर सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को भी मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। नियमों की अवहेलना करने वाले नियोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए सोमवार, 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दोनों मतदान दिवसों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत भी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा। इसका उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है। यदि किसी मतदान क्षेत्र में पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो वहां पुनर्मतदान की निर्धारित तिथि को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान के दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में संचालित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कार्मिकों को सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। इसमें आकस्मिक कामगार भी शामिल हैं। यह व्यवस्था इसलिए की गई है, ताकि कर्मचारी बिना किसी बाधा के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे कार्मिक, जो संबंधित पंचायतीराज निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन अपने निर्वाचन क्षेत्र से अलग किसी अन्य स्थान पर कार्यरत हैं, उन्हें भी नियमानुसार मतदान की तिथियों पर सवैतनिक अवकाश देय होगा।

संदेश नायक ने चेतावनी दी कि यदि कोई नियोजक इन प्रावधानों की अवहेलना करते हुए मतदान के दिन किसी कर्मचारी को मताधिकार का उपयोग करने के लिए अवकाश नहीं देता है तो उसके खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को तथ्यात्मक विवरण सहित शिकायत से अवगत कराया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और नियोजकों से निर्धारित आदेशों की पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

Next Story