जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों और जिला परिषद के 22 वार्डों में गुरुवार को मतदान जारी रहा। दोपहर 3 बजे तक जिले में 49.34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाताओं में से 3 लाख 66 हजार 915 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत के मामले में मौजमाबाद पंचायत समिति सबसे आगे रही, जहां 53.42 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक चौमूं पंचायत समिति में 48.69 प्रतिशत, दूदू में 53.39 प्रतिशत, गोविंदगढ़ में 45.85 प्रतिशत, झोटवाड़ा में 52.91 प्रतिशत, जोबनेर में 51.04 प्रतिशत, किशनगढ़ रेनवाल में 45.78 प्रतिशत, मौजमाबाद में 53.42 प्रतिशत और सांभर में 46.92 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान के आंकड़ों के अनुसार, चौमूं में 67,487, दूदू में 35,414, गोविंदगढ़ में 46,716, झोटवाड़ा में 31,033, जोबनेर में 47,762, किशनगढ़ रेनवाल में 45,851, मौजमाबाद में 50,185 और सांभर में 42,467 मतदाताओं ने दोपहर 3 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्रथम चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों और जिला परिषद के 22 वार्डों में मतदान की प्रक्रिया के दौरान दोपहर 3 बजे तक 49.34 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

Next Story