जयपुर: पंचायती राज चुनाव की तैयारियां तेज, संदेश नायक ने लिया जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी और SP ने चौमू, किशनगढ़-रेनवाल और जोबनेर का दौरा कर मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं और सुरक्षा का जायजा लिया।

तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधिकारी प्रशासनिक बैठक में चर्चा करते दिख रहे हैं।
जयपुर। पंचायती राज आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक और पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को चौमू, किशनगढ़-रेनवाल और जोबनेर उपखंड क्षेत्रों का दौरा कर चुनावी तैयारियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण ने तीनों उपखंड क्षेत्रों का भ्रमण और निरीक्षण करने के बाद उपखंड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को चुनाव से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, रैम्प और छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन संबंधी तैयारियों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के लिए भी कहा गया।
इस बैठक में उपखंड अधिकारी जोबनेर रमेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक वृत्त जोबनेर पन्नालाल जांगिड़, तहसीलदार जोबनेर गजेन्द्र सिंह और विकास अधिकारी पंचायत समिति कैलाश चन्द बारहेठ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक और पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा ने संबंधित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर भौतिक सुविधाओं, पेयजल और शौचालय सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति देखी तथा इन्हें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान दलों को चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम संग्रहण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और वहां पर्याप्त प्रशासनिक एवं पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन की इस कवायद का उद्देश्य आगामी पंचायती राज आम चुनाव के लिए व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा करना और मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों को सुनिश्चित करना है।

