जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत सरपंच पदों के लिए चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 856 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इस चरण में किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक के अनुसार, सरपंच पद के लिए कुल 1,191 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से 1,190 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी की निर्धारित प्रक्रिया के बाद 334 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद चुनाव मैदान में 856 उम्मीदवार शेष रह गए।

क्षेत्रवार स्थिति के अनुसार, चाकसू की 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 211 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे। कोटखावदा की 27 ग्राम पंचायतों में 174, माधोराजपुरा की 25 ग्राम पंचायतों में 167, फागी की 26 ग्राम पंचायतों में 154 और सांगानेर की 23 ग्राम पंचायतों में 150 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

नामांकन और नाम वापसी के आंकड़ों के अनुसार, चाकसू में कुल 295 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 294 वैध पाए गए। यहां 83 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। कोटखावदा में 249 नामांकन पत्र दाखिल हुए और सभी वैध पाए गए, जबकि 75 अभ्यर्थियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली।

इसी प्रकार माधोराजपुरा में 230 नामांकन पत्र दाखिल हुए और सभी वैध रहे। यहां 63 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। फागी में 220 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें सभी वैध पाए गए और 66 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए। सांगानेर में 197 नामांकन पत्र दाखिल हुए और सभी वैध रहे, जबकि 47 अभ्यर्थियों ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 856 अभ्यर्थियों के बीच चुनावी मुकाबला होगा।

Next Story