जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। घोषित परिणामों में जिला परिषद के 57 वार्डों में से कांग्रेस ने 41, भारतीय जनता पार्टी ने 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 2 वार्डों में जीत दर्ज की। वहीं, जिले की 22 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 216 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा के 87, आरएलपी के 60 और अन्य के 20 सदस्य निर्वाचित हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद के कुल 57 वार्डों में से 55 वार्डों के परिणाम घोषित किए गए हैं। इसी तरह, जिले की 22 पंचायत समितियों के कुल 386 वार्डों में से 383 वार्डों की मतगणना के परिणाम जारी किए गए हैं। शुक्रवार को सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में मतगणना प्रक्रिया पूरी की गई।

मतगणना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी के कारण जिला परिषद के दो और पंचायत समितियों के तीन वार्डों के परिणाम घोषित नहीं हो सके। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित पांच मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने के आदेश जारी किए हैं।

आयोग के आदेशानुसार जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 60 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 52 के बूथ संख्या 81 पर दोबारा मतदान होगा। इसके अलावा पंचायत समिति दूदू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 62, शाहपुरा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 34 तथा चौमूं के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25 के बूथ संख्या 142 पर भी पुनर्मतदान कराया जाएगा।

इन पांचों मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। जिला परिषद के संबंधित वार्डों की मतगणना जिला मुख्यालय पर होगी, जबकि पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर करवाई जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने पंचायतीराज चुनाव की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों और आम मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। पांच मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान के बाद शेष पांच वार्डों के चुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।

Next Story