जयपुर के प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी पद्मनाभ चौधरी का चयन ऑल इंडिया सीबीएसई नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए वेस्ट जोन की अंडर-17 टीम में हुआ है। सितंबर में आयोजित प्रारंभिक ट्रायल कैंप और 5, 6 व 7 अक्टूबर को खेले गए मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 18 सदस्यीय वेस्ट जोन टीम में जगह मिली है। पद्मनाभ राजस्थान कैडर के आईपीएस अधिकारी पंकज चौधरी के सुपुत्र और सेंट जेवियर्स स्कूल, जयपुर के छात्र हैं।

पद्मनाभ दाएं हाथ के प्रतिभाशाली बल्लेबाज होने के साथ ऑफ स्पिनर और उच्च स्तरीय फील्डर भी हैं। चयन मैचों के दौरान उन्होंने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से प्रभावित करने के साथ ही बेहतरीन कप्तानी का भी परिचय दिया। वह पिछले वर्ष भी सीबीएसई की वेस्ट जोन टीम के सदस्य रह चुके हैं। इस बार फिर चयनित होकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर हासिल किया है।

24 से 30 अक्टूबर तक मदुरई में होगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप

चयनित वेस्ट जोन टीम 24 से 30 अक्टूबर 2026 तक मदुरई, तमिलनाडु में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सीबीएसई नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में भाग लेगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के नॉर्थ जोन, वेस्ट जोन, ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें हिस्सा लेंगी। इनके अलावा पांच अंतरराष्ट्रीय सीबीएसई टीमें ओमान, कतर, दुबई, बहरीन और सऊदी अरब भी प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेंगी।

राष्ट्रीय प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए टीम भेजने की योजना

क्रिकेट के कॉमनवेल्थ एवं ओलंपिक खेलों में शामिल होने के बाद स्कूल गेम्स के माध्यम से उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मंच मिल रहा है। भारत में क्रिकेट के प्रति दीवानगी को देखते हुए मदुरई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए भी सीबीएसई की राष्ट्रीय टीम भेजा जाना प्रस्तावित है।

पद्मनाभ चौधरी के चयन से सेंट जेवियर्स स्कूल, जयपुर में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल के प्राचार्य, खेल प्रशिक्षकों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अब पद्मनाभ के सामने मदुरई में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में वेस्ट जोन टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर होगा।

Next Story