जयपुर में देशभर के पत्रकारों का जुटना शुरू हो गया है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, इंडिया (एनयूजेआई) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय पत्रकार महाअधिवेशन का शुभारंभ शनिवार सायं राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक के साथ हुआ। अधिवेशन में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े देशभर के पत्रकार हिस्सा ले रहे हैं।

ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) की मेजबानी में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार महाअधिवेशन की शुरुआत राजधानी जयपुर में हुई। शुभारंभ अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने की।

एनयूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि अधिवेशन का उद्घाटन सत्र रविवार सुबह 11 बजे विद्याधर नगर सेक्टर नंबर 4 स्थित परशुराम भवन में आयोजित होगा। इसके बाद सोमवार सुबह 11 बजे अधिवेशन का समापन सत्र होगा।

तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार भाग ले रहे हैं। अधिवेशन में पत्रकारों का प्रवेश सशुल्क पंजीकरण के आधार पर रखा गया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों के साथ शुरू हुए इस महाअधिवेशन के आगामी सत्रों पर देशभर के पत्रकारों की नजर रहेगी।

Next Story