उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में 206 कारों की क्षमता वाली नवनिर्मित बेसमेंट पार्किंग-।। का शुभारंभ
उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय, जयपुर में 7,245 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित 206 कारों की क्षमता वाली नवनिर्मित बेसमेंट पार्किंग-।। का महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने शुभारंभ किया। आधुनिक पार्किंग में ईवी चार्जिंग, दिव्यांगजन सुविधा, लिफ्ट, चौड़े रैंप और उन्नत जल निकासी व्यवस्था जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय जयपुर में नवनिर्मित बेसमेंट पार्किंग के उद्घाटन के अवसर पर शिलापट्ट के अनावरण के दौरान महाप्रबंधक श्री अमिताभ (दाएं से तीसरे) वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उपस्थित हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए विकसित की गई नवनिर्मित चौपहिया वाहन पार्किंग (बेसमेंट पार्किंग-।।) का गुरुवार, 25 जून 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ द्वारा शुभारंभ किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पार्किंग कार्यालय परिसर में वाहनों की सुव्यवस्थित व्यवस्था, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार नवनिर्मित पार्किंग न केवल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि प्रधान कार्यालय में आने वाले आगंतुकों और रेल कर्मियों के लिए सुगम आवाजाही का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
कुल 7,245 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित इस आधुनिक पार्किंग की क्षमता एक समय में 206 कारों को पार्क करने की है। वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए इसमें 5 मीटर चौड़े अलग-अलग प्रवेश (Entry) और निकास (Exit) रैंप बनाए गए हैं। पार्किंग परिसर के भीतर सुरक्षित एवं आसान संचालन के लिए 6 से 7.5 मीटर चौड़ी ड्राइव लेन विकसित की गई है।
मानसून अथवा भारी वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए उच्च क्षमता वाले पंप-आउट सिस्टम युक्त संरचनात्मक गड्ढे (Structural Pits) तैयार किए गए हैं। वहीं, प्राकृतिक वायु प्रवाह बनाए रखने और वाहनों से निकलने वाले धुएं के निष्कासन के लिए छह बड़े इंजीनियर कटआउट डिजाइन किए गए हैं।
अधिकारी, कर्मचारी और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग परिसर में दो लिफ्ट और पांच सीढ़ियों का निर्माण किया गया है। संचालन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक समर्पित विद्युत कक्ष (Electrical Room) तथा वाहन चालकों की सुविधा के लिए चालक कक्ष (Drivers' Room) भी बनाया गया है।
भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित इस पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था की गई है। साथ ही दिव्यांगजनों की सुगम पहुंच (Accessibility) सुनिश्चित करने के लिए विशेष स्थान भी आवंटित किए गए हैं।
पार्किंग के शुभारंभ अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधान कार्यालय परिसर में विकसित यह आधुनिक बेसमेंट पार्किंग अवसंरचना विकास, यातायात प्रबंधन और कर्मचारी-अनुकूल सुविधाओं की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों को दीर्घकालिक सुविधा प्राप्त होगी।

