जयपुर उत्तर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान, 177 गिरफ्तारियां और मादक पदार्थ जब्त
जयपुर उत्तर में 22 से 24 सितम्बर तक चले नशा विरोधी अभियान में 177 गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस ने स्मैक, गांजा, एमडी, नकदी और कार जब्त की।

जयपुर उत्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 177 गिरफ्तारियां कीं। 22 सितम्बर 2026 से 24 सितम्बर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 प्रकरण दर्ज कर 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान स्मैक, गांजा, एमडी, नकदी और एक कार भी जब्त की गई।
विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स), जयपुर द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना में करण शर्मा, पुलिस उपायुक्त, जयपुर उत्तर के सुपरविजन में जिला जयपुर उत्तर में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना था।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं संदिग्ध स्थलों को विशेष रूप से चिह्नित कर सघन चेकिंग और निगरानी की गई। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र, चाय की थड़ियां/ठेले, अन्य दुकानें तथा पूर्व में चिन्हित संदिग्ध स्थानों को निगरानी के दायरे में रखा गया।
थाना स्तर पर आसूचना अधिकारियों एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही थाना क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों की विशेष रूप से जांच की गई तथा प्रतिबंधित अथवा अवैध मादक दवाओं की बिक्री पर निगरानी रखी गई।
अभियान के लिए कुल 87 पुलिस टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने एनडीपीएस एक्ट में 15 प्रकरण दर्ज कर 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में पूर्व से वांछित 2 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अन्य एक्ट में 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान स्थाई वारंटी/उद्घोषित अपराधी/धारा 209 दप्रय एवं गिरफ्तारी वारंटी में 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 1 इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया गया। धारा 170 बीएनएसएस एवं अन्य निरोधात्मक कार्रवाई में 127 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार तीन दिनों तक चले अभियान में कुल 177 गिरफ्तारियां की गईं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 12 ग्राम स्मैक, 97 ग्राम गांजा, 4 ग्राम एमडी, 8,300 रुपये नकद एवं 1 कार जब्त की गई। अभियान में की गई कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन से जुड़े संदिग्धों पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई का दायरा सामने आया।

