जयपुर, 06 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में 9 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान की तैयारियों के बीच रविवार को ईवीएम कमीशनिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह कार्य जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निगरानी में भवानी निकेतन के फार्मेसी कॉलेज में आयोजित हुआ।

ईवीएम कमीशनिंग जयपुर जिले की दो नगर परिषदों चौमू और शाहपुरा तथा 16 नगर पालिकाओं दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नरायना, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली एवं कालाडेरा के लिए की गई। इन सभी नगर निकायों में 9 सितंबर 2026 को मतदान होना है।



कमीशनिंग कार्य के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने भवानी निकेतन के फार्मेसी कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर चुनाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधी कार्य पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से सुचारू रूप से निष्पादित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, उक्त नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी सहित संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित रहे। 9 सितंबर को प्रस्तावित मतदान से पहले 18 नगर निकायों के लिए ईवीएम कमीशनिंग का कार्य पूरा होना चुनावी तैयारियों की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है।

Next Story