जयपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने की पहल तेज कर दी गई है। स्वीप कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 27 अगस्त को जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने महात्मा गांधी सोशल साइंस इंस्टीट्यूट से 17 मतदाता जागरूकता एलईडी रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर शहर परिक्षेत्र की आठ विधानसभाओं हवामहल, आदर्श नगर, सांगानेर, बगरू, किशनपोल, विद्याधर नगर व सिविल लाइन्स के मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत इन 17 मतदाता जागरूकता एलईडी रथों को रवाना किया गया है।

ये जागरूकता रथ उक्त विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर आम मतदाताओं को उनके मत के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। इसके साथ ही ईवीएम से होने वाली चुनाव प्रक्रिया तथा राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नगरीय निकाय चुनाव के मतदान कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय या प्रलोभन के शत-प्रतिशत मतदान करें और चुनाव की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रक्रिया में भागीदारी निभाएं। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में जिला निर्वाचन कार्यालय का सहयोग करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला परिषद व स्वीप प्रभारी शुभम भाईसारे, उपजिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय व चुनाव प्रशिक्षण प्रभारी देवयानी, जिला परिषद के एसीईओ बृजमोहन गुप्ता तथा जयपुर जिला स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

17 मतदाता जागरूकता एलईडी रथों के माध्यम से जयपुर शहर परिक्षेत्र की आठ विधानसभाओं में मतदान प्रक्रिया और चुनाव कार्यक्रम की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाई जाएगी, ताकि नगरीय निकाय आम चुनाव में अधिकतम मतदाता सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

Next Story