जयपुर में 14 सितंबर को होगी निकाय चुनाव की मतगणना, तैयारियां पूरी, प्रवेश के नियम तय
जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की मतगणना 14 सितंबर को सुबह 8 बजे श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में होगी। प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और प्रवेश के नियम भी तय किए हैं।

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत जयपुर जिले में दो चरणों में हुए निकाय चुनाव की मतगणना सोमवार, 14 सितंबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में होगी। जिला प्रशासन ने मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी म्युनिसिपल और कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि सभी मतदान कार्मिकों को पूर्ण तैयारी के साथ प्रातः 7:00 बजे मतगणना केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत प्रवेश पत्रधारी को ही प्रवेश दिया जाएगा। काउंटिंग एजेंट को भी बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना वार्डवार एवं आरोवार होगी। थोड़े-थोड़े अंतराल में 15-15 वार्डों के परिणाम एक साथ जारी किए जाएंगे। किसी वार्ड का परिणाम वहां स्थित बूथों की संख्या पर निर्भर करेगा। कम बूथों वाले वार्डों का परिणाम पहले आएगा, जबकि अधिक बूथों वाले वार्डों के परिणाम में कुछ समय लग सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए हैं। जयपुर जिले में दो चरणों में हुए नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के साथ चुनावी प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण पूरा होगा।

