Narcotics Control Bureau की जयपुर जोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन पिंक सिटी” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर के थड़ी मार्केट, मानसरोवर क्षेत्र से 80.5 ग्राम चरस बरामद की है। कार्रवाई दिनांक 20.05.2026 को विशिष्ट गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।


एनसीबी टीम ने निगरानी के दौरान एक टाटा हैरियर वाहन को रोका और स्वतंत्र पंच गवाहों तथा संदिग्ध जसबीर वासदानी की सतत उपस्थिति में वाहन की विधिसम्मत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 80.5 ग्राम गहरे भूरे रंग का पदार्थ बरामद हुआ, जो प्रथम दृष्टया चरस प्रतीत हुआ। मौके पर फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर पदार्थ चरस पाया गया। इसके बाद बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी जसबीर वासदानी ने खुलासा किया कि वह उक्त मादक पदार्थ स्थानीय सांसी बस्ती क्षेत्र से प्राप्त करता था और जयपुर शहर के प्रमुख इलाकों में इसकी बिक्री तथा सप्लाई करता था। मामले में एनसीबी द्वारा अग्रिम जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Narcotics Control Bureau ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना MANAS (National Narcotics Helpline) – 1933 पर साझा करें। ब्यूरो ने कहा कि आमजन का सहयोग नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और समाज को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story