जयपुर में रविवार को खेल, मनोरंजन, उद्योग और नेतृत्व जगत की कई बड़ी हस्तियां एक मंच पर जुटेंगी। होटल क्लार्क्स आमेर में 29 नवंबर को ‘गेम चेंजर्स विजन 2026-नेशनल स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव एंड लीडरशिप समिट’ आयोजित होगा। ओलंपिक पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ इस आयोजन में मुख्य अतिथि होंगे। समिट में भारत के खेल भविष्य, कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 और वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा पर विशेष चर्चा होगी।

एटलेंटर स्पोर्ट्स की ओर से 100 मेडल्स फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय खेल कॉन्क्लेव में अभिनेता रणविजय सिंहा, ऋत्विक धनजानी, अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह, एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट राहुल चौधरी, मोटरस्पोर्ट्स चैंपियन ऐश्वर्या पिस्से और भारत के ब्लेड रनर मेजर डीपी सिंह सहित खेल एवं मनोरंजन जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. हेमांग जोशी, उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. अभिषेक वर्मा, अंतरराष्ट्रीय उद्यमी अंका वर्मा और अभिनेता-उद्यमी कुलदीप सिंघानिया सहित अन्य प्रतिष्ठित अतिथि भी मौजूद रहेंगे। इन हस्तियों की मौजूदगी के बीच भारतीय खेलों की आगामी दशक की दिशा और विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ इंडियन स्पोर्ट्स 2026-2036’ थीम पर आधारित इस कॉन्क्लेव में चार प्रमुख विषयों पर पैनल चर्चाएं आयोजित होंगी। इनमें वर्ष 2036 तक भारत की खेलों से जुड़ी तैयारियां, खिलाड़ियों का विकास और खेल इकोसिस्टम, खेलों में निवेश एवं इंफ्रास्ट्रक्चर तथा नेतृत्व, समावेशिता और खेलों के भविष्य जैसे विषय शामिल हैं।

पैनल चर्चाओं के साथ सम्मान समारोह भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, संस्थानों और खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, समिट में 500 से अधिक आमंत्रित अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य खेल जगत, सरकार, उद्योग, निवेशकों, संस्थानों और युवा प्रतिभाओं को एक साझा मंच पर लाकर भारतीय खेलों के विकास के लिए आपसी सहयोग तथा नए अवसरों को बढ़ावा देना है।

यह कार्यक्रम रविवार 29 नवंबर को शाम 3:30 बजे से होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में आयोजित होगा। विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी इस आयोजन का यूनिवर्सिटी पार्टनर है।

Next Story