जयपुर राष्ट्रीय पुस्तक मेला: रविवार को समापन और पुरस्कार वितरण समारोह
राजस्थान महाविद्यालय में आयोजित मेले के अंतिम दिन पुस्तक प्रेमियों के लिए विशेष छूट और बच्चों के लिए पुरस्कार वितरण के साथ सर्वभाषा कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।

जयपुर के राजस्थान महाविद्यालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय पुस्तक मेले के अंतिम दिन उमड़ी पुस्तक प्रेमियों की भीड़ और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते बच्चे।
जयपुर 14 मार्च। स्थानीय राजस्थान महाविद्यालय परिसर में समय इंडिया (ट्रस्ट), नई दिल्ली की ओर से जारी राष्ट्रीय पुस्तक मेला की समाप्ति का अन्तिम दिन रविवार होगा। छुट्टी का दिन होने के कारण पुस्तक मेले में पुस्तक प्रेमियों के आने में भारी भीड़ की उम्मीद है। यदि आप अभी तक किताबों के करीब न पहुंचे हों तो जल्दी से जीवन की आपाधापी के बीच समय निकालकर पहुंच जाएं और अपनी पसंद की पुस्तकें चुन लें। आपकी सुविधा के लिए पुस्तक मेले में आने की समयावधि प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे के बीच तय है। किताबें आपके करीब हैं और फिर यह अवसर आपको अगले वर्ष ही उपलब्ध होगा। पुस्तक मेले में स्टाॅल्स पर प्रदर्शित पुस्तकों के प्रकाशकों एवं पुस्तक-विक्रेताओं ने अंतिम समय-सीमा के भीतर पुस्तकें पाठकों को उपलब्ध कराने के लिए अब पुस्तकों की खरीद पर छूट की दरें थोड़ी और बढ़ा दी हैं। दरअसल वो चाहते हैं कि अधिक से अधिक किताबें पुस्तक-प्रेमियों के हाथों में जाएं।
सर्वभाषा कवि सम्मेलन का आयोजन
राष्ट्रीय पुस्तक मेले के समापन समारोह के बाद सर्वभाषा कवि सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित है। इस कार्यक्रम में विभिन्न भाषाओं के स्थानीय कविगण आमंत्रित हैं। काव्यरसिक श्रोताओं के लिए यह सुखद अवसर होगा जब उन्हें एक बार फिर अपने करीब के कवियों की विभिन्न विधाओं पर केन्द्रित कविताओं को सुनने का अवसर मिलेगा।
मेले में संस्कृति एवं संस्कारों पर भी पुस्तकें
राष्ट्रीय पुस्तक मेले में जहां अंग्रेजी भाषा में लिखी पुस्तकों के कई स्टाॅल्स लगे हुए हैं। वहीं एक स्टाॅल ऐसा भी है जहां भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों पर लिखी कई पुस्तकें उपलब्ध हंै। यहां चारों वेद, 108 उपनिषद, पुराण एवं दर्शन शास्त्र की पुस्तकें बहुत ही कम मूल्य पर मिल रही हैं। " व्यक्तित्व निर्माण, परिवार निर्माण, एवं समाज निर्माण, समग्र स्वास्थ्य, वैज्ञानिक अध्यात्मवाद जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कई पुस्तकें उपलब्ध है। " " मैं कौन हूँ?, धर्म क्या था? क्या हो गया? क्या होना चाहिए?, हारिए न हिम्मत, बुद्धि बढ़ाने की वैज्ञानिक विधि आदि पुस्तकों की बहुत मांग है। " धार्मिक पुस्तकें मनोज पब्लिकेशन्स के स्टाॅल पर उपलब्ध हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी बच्चे होंगे पुरस्कृत
राष्ट्रीय पुस्तक मेला में संपन्न हुए बच्चों पर केन्द्रित विभिन्न प्रतियोगिताओं - लोकनृत्य, कविता-कहानी सुनाओ, चित्रकला, गायन, नृत्य, एकल नाट्य और फैंसी ड्रेस के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार के रूप में बच्चों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन के पीछे संस्था की मंशा जहाँ बच्चों की प्र्रति प्रतिभा को निखार कर सामने लाने की है वहीं शैक्षिक सांस्कृृतिक कार्यक्रमों के बहाने बेहतर वातावरण बनाने की कोशिश भी है। बच्चों के साथ अभिभावकों के पुस्तक मेला में आने से किताबों को करीब से देखने का भाव उपजता है जिससे आने वाली पीढ़ी पुस्तक संस्कृति से जुड़ने की कोशिश करती है।
मेले में सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकें
राष्ट्रीय पुस्तक मेले में जिन पुस्तकों को पुस्तक प्रेमियों ने ज्यादा पसन्द किया उनमें काकोरी कांड के अभियुक्त और क्रांतिकारी मन्मथनाथ गुप्त का ब्रिटिश सरकार में जब्तशुदा और आजादी के बाद प्रकाशित पुस्तक क्रांतिकारी आन्दोलन : एक दस्तावेज़, श्रीदुर्गासप्तशती, हनुमान चालीसा, आरती संग्रह, रावण संहिता, सुखसागर, रामायण, बच्चों के साहित्य में पंचतंत्र, हितोपदेश, वर्ड पोलिटिकल चार्ट, बच्चों के उपयोगी चार्ट, लूडो पुस्तक " चढ़ती सीढ़ी, उतरती सीढ़ी और नक्शे, खानपान की पुस्तकें, शब्दकोश, व्यक्तित्व विकास की पुस्तकें, भगत सिंह, हिटलर की आत्मकथा एवं जीवनी, प्रेमचंद साहित्य, रवीन्द्रनाथ साहित्य, टैगोर साहित्य, विवेकानंद, रामकृष्ण मिशन, खलील जिब्रान, गांधी का सत्य के प्रयोग, ग्राम स्वराज, भारत का संविधान प्रमुख रहीं। "
नगर में आज का कार्यक्रम
राष्ट्रीय पुस्तक मेला, 14 मार्च, 2026 (शनिवार): पुरस्कार वितरण सायं 4.30 बजे एवं सर्वभाषा कवि सम्मेलन सायं 6.30 बजे पुस्तक मेला सभागार मंच पर आयोजित होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
