आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 के सुचारू संचालन को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों और तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निर्वहन किया जाए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित मतदाता सूचियों के अद्यतन एवं पुनरीक्षण, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, ईवीएम, कानून-व्यवस्था, परिवहन, कार्मिक व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, सूचना प्रौद्योगिकी, नियंत्रण कक्ष सहित निर्वाचन संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में संबंधित प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्य योजना तैयार कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं एवं रिपोर्टों का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 के सुचारू संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से विभिन्न कार्यों के लिए 27 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। इन प्रकोष्ठों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर पूर्व नरेन्द्र वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर उत्तर राजेंद्र सिंह सहित संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ प्रशासन ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वित तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story