जयपुर के शहरी सेवा शिविर-2026 में मौके पर समस्याओं का समाधान, दीया कुमारी ने लाभार्थियों को पट्टे और चेक वितरित किए, बुधवार को दो जोन में फिर शिविर।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत मंगलवार को जयपुर नगर निगम के मुरलीपुरा और सांगानेर जोन में शिविर आयोजित किए गए। मुरलीपुरा जोन में मुरलीपुरा जोन कार्यालय, मुरलीपुरा सब्जी मंडी के पास तथा सांगानेर जोन में अंबेडकर भवन, सामुदायिक केंद्र, सांगानेर जोन कार्यालय के पास आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। नगर निगम ने बताया कि बुधवार को मानसरोवर जोन कार्यालय, सेक्टर-9, गोखले मार्ग, शिप्रा पथ रोड, मानसरोवर तथा विद्याधर नगर जोन कार्यालय, अंबाबाड़ी सर्किल में शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर का निरीक्षण उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को पट्टे और नाम हस्तांतरण पत्र वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए गए।

मुरलीपुरा जोन में शहरी सेवा शिविर के दौरान एक संवेदनशील पहल भी देखने को मिली। ग्रीन पार्क, बैनाड़ रोड निवासी भूखंड स्वामी श्रीमती सुमनलता, पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार, के अस्वस्थ होने के कारण शिविर में उपस्थित नहीं हो पाने की जानकारी मिलते ही जोन उपायुक्त श्रद्धा सिंह ने प्रकरण का शिविर में ही निस्तारण कराने का निर्णय लिया। इसके बाद पट्टा शाखा की टीम के साथ स्वयं उनके मूल आवास बी-4, गोविंद देव कॉलोनी, चौगान स्टेडियम पहुंचकर उन्हें भूखंड का पट्टा सौंपा गया।

सांगानेर जोन की राजस्व शाखा ने भी शिविर के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। नगरीय विकास कर के तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से 2 करोड़ 21 लाख रुपये का कर संग्रहण किया गया, जिसे सांगानेर जोन के इतिहास का अब तक का सर्वाधिक राजस्व अर्जन बताया गया।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि “शहरी सेवा शिविर-2026” का उद्देश्य आमजन से प्राप्त विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनसे जुड़े प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर राहत प्रदान की जा रही है। शिविरों में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बिजली, पानी, बैठने, छाया सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि लंबित प्रकरणों, प्राप्त आवेदनों, प्रार्थना पत्रों और सुझावों का तत्परता से निस्तारण किया जा रहा है तथा आमजन की सुविधा और जानकारी के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

सांगानेर जोन में आयोजित शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन से जुड़े 29 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तीन प्रकरणों का भी मौके पर निस्तारण किया गया। मुरलीपुरा जोन में जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन के 53 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 10 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे के पांच प्रकरणों का भी मौके पर समाधान किया गया।

शिविर के दौरान मुरलीपुरा निवासी मनोज कुमार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के कुछ समय बाद ही नगर निगम ने उनके 15 हजार रुपये के ऋण को स्वीकृत कर चेक प्रदान किया। मनोज कुमार ने बताया कि यह ऋण राशि उनके स्वरोजगार को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग वह अपने रोजगार का विस्तार करने में करेंगे, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

इसी तरह मुरलीपुरा निवासी रामेश्वर प्रसाद ने अपने मकान के पट्टे के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के कुछ समय बाद ही नगर निगम प्रशासन ने शहरी सेवा शिविर में उनके मकान का पट्टा तैयार कर उन्हें सौंप दिया। कार्य के त्वरित निस्तारण पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री और नगर निगम प्रशासन का धन्यवाद एवं आभार जताया।

नगर निगम के अनुसार शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत आमजन को त्वरित राहत देने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को मानसरोवर जोन कार्यालय, सेक्टर-9, गोखले मार्ग, शिप्रा पथ रोड तथा विद्याधर नगर जोन कार्यालय, अंबाबाड़ी सर्किल में शिविर आयोजित कर विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

Updated On 7 July 2026 7:49 PM IST
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story