राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम जयपुर द्वारा 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर 2026” के तहत गुरुवार को जगतपुरा/झालाना जोन में जगतपुरा जोन कार्यालय, नन्दपुरी अण्डरपास में शिविर आयोजित किया गया। वहीं शुक्रवार को झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन के सामुदायिक केन्द्र, तारानगर-डी, झोटवाड़ा में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर का निरीक्षण बगरू विधायक श्री कैलाष वर्मा ने किया। उन्होंने आमजन से संवाद किया तथा लाभार्थियों को पट्टे और पीएम स्वनिधि योजना के तहत चेक वितरित किए। नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत आमजन से प्राप्त विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनसे संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान करना है। इसके लिए नगर निगम द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। शिविरों में बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था, छाया सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर निगम के अनुसार शिविरों में चिन्हित समस्याओं, लंबित प्रकरणों, प्राप्त आवेदनों, प्रार्थना पत्रों और सुझावों का तत्परता से समाधान एवं निस्तारण किया जा रहा है। आमजन की सुविधा और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक शिविर में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।

जगतपुरा जोन में आयोजित शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 42 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। नगरीय विकास कर के 3 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जबकि सीवर कनेक्शन के 1 प्रकरण का भी मौके पर समाधान किया गया। वहीं झालाना जोन में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 39 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए तथा पीएम स्वनिधि योजना के 6 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान सफलता की कहानियां भी सामने आईं। जगतपुरा जोन के स्थानीय निवासी श्री नारायणदास जी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। आवेदन जमा करने के कुछ समय बाद ही नगर निगम ने उन्हें शहरी सेवा शिविर में 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक प्रदान किया। श्री नारायणदास जी ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग अपने छोटे रोजगार का विस्तार करने में करेंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में उन्हें नगर निगम प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिला, जिसके लिए उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री महोदय और नगर निगम प्रशासन का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार जगतपुरा जोन के स्थानीय निवासी श्री विशाल भारद्वाज जी ने शहरी सेवा शिविर में मैरिज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के कुछ समय बाद ही नगर निगम ने उन्हें मैरिज सर्टिफिकेट जारी कर प्रदान कर दिया। बिना किसी परेशानी के नगर निगम के सहयोग से कार्य पूर्ण होने पर श्री विशाल भारद्वाज जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

नगर निगम ने बताया कि “शहरी सेवा शिविर 2026” के क्रम में शुक्रवार को झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन के सामुदायिक केन्द्र, तारानगर-डी, झोटवाड़ा में शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां आमजन की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story