जयपुर नगर निगम सेवा सेतु अभियान: वार्ड वार शिविरों का शेड्यूल जारी
जयपुर नगर निगम जयपुर में 7 से 16 अक्टूबर तक सेवा सेतु अभियान के तहत जोनवार शिविर आयोजित कर रहा है, जिससे नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

जयपुर नगर निगम की ओर से राज्य सरकार के निर्देशानुसार 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतु अभियान-2026 आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन को विभिन्न नागरिक सुविधाओं, प्रमाण पत्रों, लाइसेंस, पट्टों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए जोनवार शिविर लगाए जा रहे हैं। नगर निगम ने 16 अक्टूबर तक के शिविरों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। सोमवार, 12 अक्टूबर को जगतपुरा और झालाना जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत शुक्रवार को विद्याधर नगर और मुरलीपुरा जोन में शिविर लगाए गए, जहां विभिन्न सेवाओं से जुड़े आवेदनों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर 2026 को झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित होंगे। 14 अक्टूबर को मालवीय नगर जोन कार्यालय, 15 अक्टूबर को किशनपोल और हवामहल-आमेर जोन कार्यालय तथा 16 अक्टूबर को आदर्श नगर और सिविल लाइंस जोन कार्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे।
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नगर निगम जयपुर से संबंधित सफाई, सीसी और डामर सड़कों की मरम्मत, पेचवर्क, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव और सौंदर्यीकरण, नालियों की मरम्मत, फेरोकवर और मैनहोल की मरम्मत, सीवर लाइन लीकेज ठीक करने तथा आवारा पशुओं को पकड़ने जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही जन्म-मृत्यु पंजीयन, विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी और मोबाइल टावर एनओसी तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य भी किए जा रहे हैं।
शिविरों में अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, 69-ए, 54-ई, 50-बी और 60-सी के अंतर्गत पट्टे, उपविभाजन और पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति तथा लीज डीड से फ्रीहोल्ड पट्टे से संबंधित प्रकरणों का भी निस्तारण किया जा रहा है। नगरीय विकास कर जमा करने की सुविधा के साथ विभिन्न राजकीय विभागों की फ्लैगशिप जनहित योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त करने और स्वीकृति जारी करने की व्यवस्था भी की गई है।
इसके अलावा विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सार्वजनिक भवनों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण, अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग पेंशन, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़े कार्य भी अभियान के तहत किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान विद्याधर नगर निवासी बृजेश कुमार ने नगरीय विकास कर जमा कराया। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत उन्हें टैक्स जमा करने में छूट मिली और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पूरा सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने नगर निगम और राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
मुरलीपुरा निवासी विनीत सैनी ने विद्याधर नगर जोन में आयोजित शिविर में विवाह प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। उन्होंने बताया कि आवेदन जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम ने उनका विवाह प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध करा दिया। विनीत सैनी ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से उन्हें यह महत्वपूर्ण दस्तावेज बहुत कम समय में आसान और सरल प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त हुआ। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन का आभार जताया।
शिविरों में तत्काल सेवाएं उपलब्ध कराने के तहत विद्याधर नगर जोन में जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन के 22 आवेदनों पर प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत पट्टे से जुड़े तीन प्रकरणों का निस्तारण किया गया। जनआधार के चार प्रकरण निपटाए गए, जबकि नगरीय विकास कर के रूप में 3 लाख 15 हजार रुपये जमा करवाए गए।
वहीं, मुरलीपुरा जोन में जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन के 56 आवेदनों पर प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के पांच प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया। सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत जारी जोनवार कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर तक विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से नागरिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

