जयपुर नगर निगम का सेवा सेतु अभियान शुरू, जोनवार शिविरों में हो रहे काम
7 से 16 अक्टूबर तक आयोजित शिविरों में पट्टे, भवन निर्माण स्वीकृति और पेंशन सहित प्रमुख नागरिक सेवाओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।

तस्वीर में नगर निगम कार्यालय में अधिकारी एक नागरिक को भवन निर्माण स्वीकृति पत्र सौंपते हुए दिख रहे हैं।
जयपुर। नगर निगम जयपुर की ओर से आयोजित सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ शिविरों में मिल रहा है। भवन निर्माण स्वीकृति से लेकर जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन तक के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को विद्याधर नगर एवं मुरलीपुरा जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 7 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। नगर निगम ने अभियान के तहत 16 अक्टूबर तक का जोनवार शिविर कार्यक्रम जारी कर दिया है।
नगर निगम के अनुसार, बुधवार को सांगानेर जोन और गुरुवार को मानसरोवर जोन में शिविर आयोजित किए गए। शुक्रवार को विद्याधर नगर एवं मुरलीपुरा जोन कार्यालयों में शिविर लगेंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को जगतपुरा एवं झालाना जोन कार्यालयों, 13 अक्टूबर को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन कार्यालयों, 14 अक्टूबर को मालवीय नगर जोन कार्यालय, 15 अक्टूबर को किशनपोल एवं हवामहल-आमेर जोन कार्यालयों तथा 16 अक्टूबर को आदर्श नगर एवं सिविल लाइन जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नगर निगम जयपुर से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें सफाई, सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक स्थलों का रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण, नालियों की मरम्मत, फेरोकवर एवं मैनहोल की मरम्मत, सीवर लाइन लीकेज की मरम्मत और आवारा पशुओं को पकड़ने से संबंधित कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी-मोबाइल टावर एनओसी और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविरों में अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, 69-ए, 54-ई, 50-बी और 60-सी के अंतर्गत पट्टे, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज डीड से फ्रीहोल्ड पट्टे और यूडी टैक्स से संबंधित प्रकरणों पर भी कार्रवाई की जा रही है। विभिन्न राजकीय विभागों की फ्लैगशिप जनहित योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त करने और स्वीकृति जारी करने के साथ विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक भवनों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्य भी अभियान में शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित कार्य भी शिविरों के माध्यम से किए जा रहे हैं।
मानसरोवर जोन में आयोजित शिविर के दौरान भवन निर्माण स्वीकृति के मामलों में त्वरित कार्रवाई के उदाहरण सामने आए हैं। मानसरोवर की स्थानीय निवासी श्रीमती रश्मि जैमन ने अपने भवन संख्या 1/184 की निर्माण स्वीकृति के लिए आवेदन किया। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत उन्हें बहुत कम समय में भवन निर्माण स्वीकृति पत्र प्राप्त हो गया। इस कार्य में नगर निगम प्रशासन के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से पूर्ण सहयोग मिलने की बात कहते हुए उन्होंने राज्य सरकार एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
इसी तरह मानसरोवर के स्थानीय निवासी श्री चंद्र प्रकाश खत्री ने भवन संख्या 3/10 ैथ्ै की भवन निर्माण स्वीकृति के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने के कुछ समय बाद ही नगर निगम की ओर से उन्हें भवन निर्माण स्वीकृति पत्र तैयार कर प्रदान कर दिया गया। प्रकरण का त्वरित निस्तारण होने पर श्री खत्री ने नगर निगम प्रशासन के पूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और उपलब्ध कराई जा रही सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर निगम के अनुसार, मानसरोवर जोन में आयोजित शिविर में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 39 आवेदनों पर तत्काल प्रमाण पत्र जारी किए गए। बिल्डिंग परमिशन के पांच प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जबकि जनआधार से संबंधित 17 प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत 16 अक्टूबर तक जयपुर के विभिन्न जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिक सेवाओं, निर्माण स्वीकृतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी रहेगी।

