जयपुर में सेवा सेतु अभियान 2026: नगर निगम जोन कार्यालयों में लगेंगे शिविर
7 से 16 अक्टूबर तक आयोजित शिविरों में पट्टा वितरण, यूडी टैक्स, पेंशन योजनाओं सहित नागरिक सुविधाओं का त्वरित निस्तारण होगा।

जयपुर में नगर निगम से जुड़ी सेवाओं और जनहित योजनाओं के लिए 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक “सेवा सेतु अभियान-2026” आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम जयपुर की ओर से आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न जोन कार्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे। अभियान का शिविर कार्यक्रम 16 अक्टूबर तक जारी कर दिया गया है।
नगर निगम जयपुर के अनुसार, बुधवार को सांगानेर जोन कार्यालय में सेवा सेतु अभियान का शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को मानसरोवर जोन कार्यालय, 9 अक्टूबर 2026 को विद्याधर नगर एवं मुरलीपुरा जोन कार्यालय में शिविर आयोजित होंगे।
12 अक्टूबर 2026 को जगतपुरा एवं झालाना जोन कार्यालय, 13 अक्टूबर 2026 को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन कार्यालय, 14 अक्टूबर 2026 को मालवीय नगर जोन कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर 2026 को किशनपोल एवं हवामहल-आमेर जोन कार्यालय तथा 16 अक्टूबर 2026 को आदर्श नगर एवं सिविल लाईन जोन कार्यालय में शिविर लगाए जाएंगे।
सेवा सेतु अभियान के शिविरों के माध्यम से नगर निगम जयपुर से संबंधित विभिन्न सेवाओं का निस्तारण किया जाएगा। इनमें सफाई, सीसी/डामर सड़क मरम्मत व पेच वर्क, स्ट्रीट लाईट, सार्वजनिक स्थलों का रख-रखाव व सौन्दर्यकरण, नालियों की मरम्मत, फेरोकवर व मैन हॉल्स की मरम्मत, सीवर लाईन लीकेज मरम्मत तथा आवारा पशु पकड़ने से संबंधित कार्य शामिल हैं।
शिविरों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एन.ओ.सी, ट्रेड लाईसेंस, साईनेज लाईसेंस, सीवर कनेक्शन, ओ.एफ.सी-मोबाईल टावर एन.ओ.सी, ई.डब्ल्यू.एस. प्रमाण पत्र, अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, 69-ए, 54-ई, 50-बी, 60-सी के अन्तर्गत पट्टे, उपविभाजन-पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामान्तरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति तथा लीज डीड से फ्री होल्ड पट्टे से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।
इसके अलावा यू.डी. टैक्स, विभिन्न राजकीय विभागों की फ्लैगशिप जनहित योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त एवं स्वीकृति जारी करने, विद्यालय, आंगनबाडी एवं अन्य सार्वजनिक भवनों की मरम्मत एवं सौन्दर्यकरण के कार्य भी शिविरों के माध्यम से किए जाएंगे।
अभियान में अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पी.एम. स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम तथा पीएम सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना के कार्य भी किए जाएंगे। 7 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इन शिविरों में नगर निगम जयपुर से संबंधित सेवाओं और विभिन्न जनहित योजनाओं से जुड़े कार्यों को एक ही अभियान के तहत शामिल किया गया है।

