जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: सरना डूंगरी में 9000 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर स्वास्थ्य शाखा और प्रदूषण नियंत्रण मंडल की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारकर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला।

जयपुर के सरना डूंगरी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को नगर निगम और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की संयुक्त टीम द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई अब तक की सबसे बड़ी जब्ती की कार्रवाई।
जयपुर। नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम जयपुर के चालान प्रकोष्ठ (स्वास्थ्य शाखा) ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल जयपुर के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सरना डूंगरी स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर वहां से 9000 किलो प्लास्टिक जब्त की है। यह राजस्थान की अब तक की सबसे बड़ी सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई मानी जा रही है।
अवैध भंडारण पर भारी जुर्माना और जब्ती
अभियान के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग का अवैध भंडारण व विक्रय करते पाए जाने पर करीब 9000 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया तथा संबंधित व्यापारियों से 1 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर उपायुक्त (स्वास्थ्य) मृणाल कुमार के नेतृत्व में गठित चालान प्रकोष्ठ टीम ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जयपुर के साथ संयुक्त रूप से की। इस दौरान निगम टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की।
अधिकारियों के सख्त निर्देश और अपील
नगर निगम के उपायुक्त (स्वास्थ्य) मृणाल कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि — "प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री पूर्णतः निषिद्ध है, इसके बावजूद कुछ व्यापारी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।" गौरतलब है कि इससे पूर्व भी नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए निगम का आह्वान
निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें, अन्यथा भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
