जयपुर में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम सख्त, वसूला ₹85 लाख का जुर्माना
जयपुर नगर निगम ने 1 मार्च 2026 से अब तक खुले में कचरा फेंकने, सिंगल यूज प्लास्टिक और सीएनडी वेस्ट फैलाने वालों से 85.49 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।

जयपुर के माछेडा, हरमाड़ा क्षेत्र में बुधवार, 20 मई 2026 को स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर एक व्यक्ति का चालान काटकर जुर्माना वसूलती नगर निगम की टीम।
जयपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने गंदगी फैलाने वाले दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। खुले में कचरा फेंकने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने, सीएनडी वेस्ट फैलाने और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 1 मार्च 2026 से अब तक नगर निगम ने विभिन्न मामलों में दोषियों से 85 लाख 49 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना और कैरिंग चार्ज वसूला है।
कार्यालय नगर निगम जयपुर के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि नगर निगम की टीमें शहरभर में लगातार निगरानी और सफाई कार्य में जुटी हुई हैं। स्वच्छता के विभिन्न मापदण्डों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति शहर को गंदा करता है, खुले में कचरा फेंकता है, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करता है या स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करता है तो उससे कैरिंग चार्ज वसूला जाएगा।
नगर निगम द्वारा 1 मार्च 2026 से अब तक लगभग 900 से अधिक सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दोषियों से 14 लाख 53 हजार रुपये से अधिक का कैरिंग चार्ज वसूला गया है। वहीं गंदगी फैलाने वाले दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 लाख 22 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा सीएनडी वेस्ट फैलाने वालों से 8 लाख 64 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया है।
आयुक्त श्री ओम कसेरा ने कहा कि शहर की स्वच्छता नगर निगम की प्राथमिकता है और इसे बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नगर निगम की टीमें लगातार सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी हैं तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न मापदण्डों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
