जयपुर। दीपावली के अवसर पर जयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित सफाई सेवा मैराथन 2.0 ने एक दिन में 7 हजार टन कचरा उठाकर अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। सुबह 7 बजे शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान देर रात तक जारी रहा। शाम 7 बजे तक शहर से 7 हजार टन कचरा उठाया जा चुका था। इससे पहले आयोजित सफाई सेवा मैराथन में एक दिन में 6 हजार टन कचरा साफ किया गया था।

नगर निगम महापौर सुनील कोठारी और आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर आयोजित इस वार्डवार विशेष सफाई अभियान में 9 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी सामान्य पारी के अतिरिक्त सुबह से शाम तक लगातार जुटे रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान में भागीदारी निभाई। शहर के सभी वार्डों में सफाई के लिए व्यापक संसाधन तैनात किए गए।

अभियान के दौरान एक ही दिन में 1000 से अधिक गार्बेज पॉइंट्स और 100 से अधिक खुले कचरा डिपो पूरी तरह हटाए गए। शहर से एकत्रित कचरे का उसी दिन निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए 10 ट्रांसफर स्टेशनों के माध्यम से उसे प्रसंस्करण संयंत्रों तक भेजा गया। हूपर्स के जरिए कचरा ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाया गया, जहां से उसे प्रोसेसिंग साइट पर भेजा गया।

सफाई अभियान के लिए नगर निगम ने 1100 हूपर्स, 102 जेसीबी एवं लोड यूनिट, 117 डम्पर एवं ट्रक और 177 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित विभिन्न सफाई संसाधन तैनात किए। अभियान में आधुनिक संसाधनों और भारी मशीनरी का भी उपयोग किया गया। इनके माध्यम से कचरे के ढेरों का त्वरित उठाव, परिवहन और निस्तारण किया गया।

अभियान की निगरानी के लिए महापौर सुनील कोठारी, अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल, सभी जोन उपायुक्तों और उपायुक्त (स्वास्थ्य) ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। सभी जोन उपायुक्तों ने फील्ड में रहकर अभियान की निगरानी की। अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल ने भी अलग-अलग स्थानों पर चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रमुख मार्गों, चौराहों, फुटपाथ, सर्विस रोड और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई गतिविधियां संचालित की गईं। भारी मशीनरी और आधुनिक संसाधनों के समन्वित उपयोग से सफाई कार्यों में तेजी लाई गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए गए।

सफाई सेवा मैराथन 2.0 के तहत पशु प्रबंधन शाखा ने भी कार्रवाई की। मुख्य मार्गों और सड़कों से 50 से अधिक निराश्रित पशुओं को हिंगोनिया गौशाला भेजा गया। इसके साथ ही मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से सभी वार्डों में फॉगिंग करवाई गई।

महापौर सुनील कोठारी ने अभियान की लगातार निगरानी करने के साथ जयपुरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिस प्रकार दीपावली पर लोग अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार शहर को भी स्वच्छ रखें और खुले में कचरा नहीं फेंकें। अभियान के दौरान आमजन ने भी नगर निगम की पहल की सराहना की और स्वच्छता कार्यों में भागीदारी निभाई। एक दिन में 7 हजार टन कचरे का उठाव कर नगर निगम ने अपनी पिछली 6 हजार टन की उपलब्धि को पीछे छोड़ दिया।

Next Story