जयपुर, 15 अप्रैल। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत गुलाबी नगरी को स्वच्छता के शिखर पर पहुँचाने के उद्देश्य से नगर निगम जयपुर एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक पहल करने जा रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के नेतृत्व में आगामी शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को अब तक के सबसे बड़े स्वच्छता महाभियान ‘‘सफाई सेवा मैराथन-2026’’ का शंखनाद होगा। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन स्थित नगर निगम मुख्यालय के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ से जारी सूचना के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत आयुक्त सहित निगम की संपूर्ण टीम प्रातः 7 बजे से निरंतर रात्रि 9 बजे तक कुल 13 जोनों के 150 वार्डों में ग्राउंड जीरो पर मुस्तैद रहकर सफाई व्यवस्था की कमान संभालेगी।

बुधवार को इस वृहद् कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आयुक्त श्री ओम कसेरा ने सभी जोन एवं मुख्यालय उपायुक्तों, अधिशाषी अभियन्ताओं, सहायक अभियन्ताओं और सीएसआई (CSI) को संबोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा साझा की। आयुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों में जोश भरते हुए उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया, जिसके प्रत्युत्तर में समस्त सीएसआई ने हाथ उठाकर इस महाभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। श्री कसेरा ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का एकमात्र संकल्प “स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर” है और यह प्रशासनिक पहल मात्र न रहकर एक जनआंदोलन का रूप लेगी, जिसमें नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान की विशिष्टता को बढ़ाते हुए इसमें प्रतिस्पर्धात्मक स्वरूप जोड़ा गया है। सीएसआर (CSR) के माध्यम से राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वच्छता योद्धाओं को नकद प्रोत्साहन राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। रैंकिंग के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सीएसआई को 21 हजार रुपये, उनकी टीम के एसआई को 11 हजार रुपये तथा प्रत्येक जमादार को 11 सौ रुपये प्रदान किए जाएंगे। द्वितीय स्थान पर रहने वाले सीएसआई को 11 हजार रुपये, एसआई को 51 सौ रुपये और जमादारों को 11 सौ रुपये मिलेंगे। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सीएसआई को 51 सौ रुपये, एसआई को 21 सौ रुपये एवं प्रत्येक जमादार को 11 सौ रुपये की राशि दी जाएगी।

कार्यक्षमता के आधार पर चयनित शीर्ष तीन सीएसआई को “स्वच्छता हीरो” और ‘‘स्टार ऑफ नगर निगम’’ के खिताब से नवाजा जाएगा। गौरव की बात यह है कि प्रेरणा स्वरूप इन अधिकारियों के चित्र आगामी एक माह तक नगर निगम परिसर में होर्डिंग्स के रूप में प्रदर्शित किए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल सहित विभिन्न तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि शहर के कोने-कोने में संचालित होने वाला यह 14 घंटे का सफाई महाभियान न केवल व्यवस्था को नई दिशा देगा, बल्कि जयपुर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में एक निर्णायक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story