जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, कई इलाकों से हटाया गया अस्थाई अतिक्रमण
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर 26 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला।

तस्वीर में जयपुर के महल रोड पर नगर निगम की सतर्कता टीम द्वारा क्रेन की मदद से एक अवैध गुमटीनुमा केबिन को हटाते हुए देखा जा सकता है, जहां मौके पर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं।
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए 26 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया तथा 4 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के महल रोड स्थित रजवाड़ा पैलेस के सामने, खटीकों का मोहल्ला श्योपुर, बुद्धसिंहपुरा जगतपुरा, महेश नगर 80 फीट रोड, गैलेक्सी टावर विद्याधर नगर, बालाजी कॉलेज सीताबाड़ी फाटक खातीपुरा रोड तथा रघुनाथ विहार पांच्यावाला रोड सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 26 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। साथ ही 4 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।
कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय पर स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान सहित प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम जयपुर की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि पूर्व से प्राप्त शिकायतों पर सतर्कता शाखा लगातार निगरानी रखते हुए शहर में अस्थाई एवं अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
