जयपुर नगर निगम की मैराथन बैठक में सख्त निर्देश, दीपावली तक वार्डवार सफाई अभियान
महापौर सुनील कोठारी ने विद्याधर नगर जोन में स्वच्छता, राजस्व वृद्धि और विकास कार्यों की समीक्षा कर दीपावली तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

जयपुर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने विद्याधर नगर जोन में अधिकारियों और पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
जयपुर, 6 अक्टूबर। नगर निगम जयपुर के महापौर श्री सुनील कोठारी ने मंगलवार को विद्याधर नगर जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता योद्धाओं के साथ दो घंटे से अधिक समय तक मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में जोन के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सफाई संसाधनों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों से जोनवार फीडबैक लेते हुए नागरिक सुविधाओं और नगर निगम से जुड़े कार्यों में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल, उपायुक्त (स्वास्थ्य), सतर्कता, पशु प्रबंधन सहित संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान जोन के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
महापौर श्री सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर नगर निगम को जनता का नगर निगम बनाया जाए और जनहित को प्राथमिकता दी जाए। आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का समाधान हो और संवाद कायम रहे। साथ ही दीपावली तक वार्डवार विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
महापौर ने नवाचार के रूप में एक मंच पर अधिकारियों और वार्ड पार्षदों की बैठक आयोजित करने की बात कही, जिससे स्थानीय समस्याओं का तत्काल निराकरण हो सके। बैठक में स्थानीय पार्षदों ने हूपर्स, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशु प्रबंधन और अवैध अतिक्रमण से संबंधित समस्याएं उठाईं। महापौर ने संबंधित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
महापौर एवं उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर ने पशु प्रबंधन के अधिकारियों को मंगलवार को मीट-मांस की दुकानें खुली न रहें, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महापौर ने 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु अभियान-2026 के सफल आयोजन और आमजन के हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
महापौर ने पार्षदगण से आगामी प्रमुख त्योहारों के दृष्टिगत आमजन की जनसहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करने को कहा। उन्होंने लोगों से खुले में कचरा न फेंकने और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। महापौर ने कहा कि सभी मिलकर एक टीम के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई का मतलब केवल झाड़ू लगाना नहीं है, बल्कि क्षेत्र को पूर्ण रूप से व्यवस्थित बनाना है। फुटपाथ आदि पर किसी भी प्रकार का कचरा नहीं रहे और पेड़-पौधों की समय-समय पर कटाई-छंटाई होती रहे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने अधिशाषी अभियंता विद्युत को स्थानों का सर्वे कर आकलन करने और समुचित वॉट की लाइट लगाने के निर्देश दिए, जिससे वहां पर्याप्त प्रकाश हो सके। दीपावली पर्व के मद्देनजर उन्होंने सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़कों पर पेचवर्क और सड़कों पर पड़े सीएनडी वेस्ट को समय-समय पर हटाने सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वार्डवार साप्ताहिक सफाई अभियान समय-समय पर चलाने को कहा।
महापौर ने कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे तो जयपुर को बेहतर बनाया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को जोन स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और फील्ड में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।

