जयपुर नगर निगम की कार्रवाई: गंदगी फैलाने वालों पर ₹70 हजार जुर्माना
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर उपायुक्त पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने लोहा मंडी और आतिश मार्केट क्षेत्र में खुले में मलबा व कचरा डालने वालों पर कैरिंग चार्ज वसूला।

जयपुर के मुरलीपुरा (प्रवासी नगर) क्षेत्र में 26 मई 2026 को दोपहर 1:06 बजे कैरिंग चार्ज की रसीद थमाकर कार्रवाई करती मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीमती नीलम शर्मा (दाएं से दूसरी), जमादार राजेन्द्र सिंह जाट (दाएं से पहले) और नगर निगम की टीम।
गुलाबी नगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के सख्त निर्देशानुसार प्रशासन ने शहर में गंदगी फैलाने वाले दोषी व्यक्तियों और संस्थानों के विरुद्ध एक ही दिन में 70 हजार रुपये का भारी-भरकम कैरिंग चार्ज वसूल कर कड़ा संदेश दिया है। स्थानीय निवासियों द्वारा जोन कार्यालय में कचरा एवं मलबा डाले जाने की बार-बार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णायक कदम उठाया गया है।
इस विशेष अभियान को उपायुक्त पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीमती नीलम शर्मा, जमादार श्री राजेन्द्र सिंह जाट की टीम और उपायुक्त सतर्कता शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से धरातल पर उतरकर औचक निरीक्षण किया और दोषियों पर शिकंजा कसा। उपायुक्त श्री पवन कुमार शर्मा ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगातार मॉनिटरिंग एवं सघन निरीक्षण किए जा रहे हैं, जिसके तहत नियमों की अवहेलना करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के विस्तृत विवरण के अनुसार, आतिश मार्केट, लोहा मंडी वार्ड-4 क्षेत्र में खुले में वेस्ट डालकर गंदगी फैलाने पर संबंधित दोषियों से सबसे ज्यादा 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, नाडी का फाटक लोहा मण्डी में ट्रैक्टर के द्वारा मलबा डालने पर 5 हजार रुपये, लोहा मण्डी टेम्पो वाले के द्वारा लोहा मण्डी में चकरा डालने पर 3 हजार रुपये, लोहा मण्डी एरिये में ही बैटरी टेम्पो के द्वारा कचरा डालने पर 1 हजार रुपये, लोहा मण्डी में डंपर के द्वारा सीएनडी वेस्ट डालने पर 6 हजार 500 रुपये तथा इसी क्षेत्र में एक अन्य टेम्पो के द्वारा कचरा डालने पर 4 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज मौके पर ही वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही निगम प्रशासन ने आमजन एवं समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठानों से पुरजोर अपील की है कि वे जयपुर शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा कचरा हमेशा निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि शहर की सुंदरता और जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
