जयपुर, 15 सितंबर। नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विद्याधर नगर से लेकर मोती डूंगरी रोड और सांगानेर गेट तक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 5 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम भिजवाया गया।

नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर मंगलवार को उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।

सतर्कता शाखा की टीम ने विद्याधर नगर सेक्टर-2, बियानी कॉलेज रोड, एनआर मार्ट के पास, माल रोड विद्याधर नगर तथा मोती डूंगरी रोड से सांगानेर गेट तक दोनों तरफ किए गए अस्थाई अतिक्रमण हटवाए। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण में रखा 5 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम भिजवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों को सतर्कता टीम ने मौके पर समझाते हुए पाबंद करवाया। उन्हें समय से अस्थाई अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेताया गया कि अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई में शिकायतों के आधार पर चिन्हित क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ जब्त सामान को गोदाम पहुंचाया गया और अतिक्रमणकारियों को आगे ऐसी कार्रवाई से बचने के लिए पाबंद किया गया।

Next Story