जयपुर। गुलाबी नगरी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर द्वारा एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के दिशा-निर्देशों एवं पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए, उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में मंगलवार को सतर्कता शाखा की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से काबिज अस्थाई अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए टीम ने कुल 11 कैंटर सामान जब्त किया।

अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले एसएमएस अस्पताल परिसर, जे.के.लोन अस्पताल के आसपास, अजमेरी गेट, इंडिया गेट, वी.टी. रोड मेला ग्राउंड के चारों तरफ, बजरी मंडी रोड वैशाली नगर एवं गांधी पथ वैशाली नगर जैसे व्यस्तम इलाकों से अस्थाई अतिक्रमण को पूरी तरह हटवाया। उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि उपरोक्त प्रभावी कार्यवाही के दौरान 4 कैंटर सामान को तत्काल जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।

क्षेत्रीय निरीक्षण और दौरे के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर अतिक्रमणकारियों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद भी किया। प्रशासन ने कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण को समय रहते स्वयं हटा लें, अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान काटने के साथ-साथ और अधिक प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम की इस सक्रियता ने शहर की यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुगमता को बाधित करने वाले तत्वों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

Next Story