जयपुर नगर निगम का अतिक्रमण पर एक्शन, 6 कैंटर सामान जब्त, जुर्माना वसूला
शहर के विभिन्न इलाकों में मिली शिकायतों के बाद सतर्कता शाखा ने की कार्रवाई, भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा करने पर भारी चालान की दी चेतावनी।

तस्वीर में जयपुर में सड़क किनारे से लोहे का ढांचा हटाते नगर निगम कर्मचारी।
जयपुर, 05 अक्टूबर। नगर निगम जयपुर सतर्कता शाखा ने अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से 6 केन्टर सामान जब्त किया और अतिक्रमण करने वालों से 6 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त के निर्देशानुसार तथा पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में एयरपोर्ट रोड टर्मिनल-2, स्टेट हेंगर रोड, भैरव सर्किल सेक्टर-11, सांगानेर बाजार व निगम रोड, फवारा सर्किल सांगानेर, त्रिवेणी नगर सामुदायिक केन्द्र के पास, मानसरोवर लिंक रोड रिद्धी-सिद्धी के पास, हनुमान नगर जनक मार्ग खातीपुरा, संगशक्ति रोड खिरणी फाटक एवं खातीपुरा रोड आदि स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि इन सभी स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान 6 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 6 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।
दौरे के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर समझाइश करते हुए अस्थाई अतिक्रमण करने वालों को मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की सतर्कता शाखा की कार्रवाई में जब्त सामान को गोदाम भिजवाने के साथ अतिक्रमणकारियों को भविष्य में कार्रवाई से बचने के लिए स्पष्ट चेतावनी भी दी गई।

