जयपुर में सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की सतर्कता शाखा ने कार्रवाई करते हुए छह कैंटर सामान जब्त किया। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाकर जब्त सामान को गोदाम में भिजवाया।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने जेके लोन अस्पताल, एसएमएस, बांगड़, गणेश मंदिर, एलबीएस कॉलेज, आदर्श बाजार, अंबाबाड़ी सब्जी मंडी, सेंट्रल स्पाइन विद्याधर नगर तथा 206 बीघा करधनी प्राइम कालवाड़ रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। इन क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल छह कैंटर सामान जब्त किया गया, जिसे गोदाम में भिजवा दिया गया। सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद अस्थायी अतिक्रमण करने वालों को समझाइश देते हुए समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए पाबंद भी करवाया।

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समय पर अस्थायी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों पर भारी चालान लगाने या अन्य प्रभावी कार्रवाई अमल में लाने की चेतावनी दी गई है।

Next Story