कार्यालय नगर निगम जयपुर (पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड़, जयपुर) के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम जयपुर सतर्कता शाखा की टीम द्वारा गुरुवार को अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देषानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में सतर्कता शाखा की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

विभिन्न क्षेत्रों से हटाए गए अस्थाई अतिक्रमण

नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में बजाज नगर, कुम्भा मार्ग सैक्टर 10, नारायणा हाॅस्पिटल के सामने, कृष्णा अपार्टमेन्ट प्रताप नगर, बबांला गैराज, एलआईसी ऑफिस टोंक रोड़, द्वारका अपार्टमेन्ट, बी-2 बाईपास, महिमा सर्किल वन्दे मातरम रोड़ मानसरोवर एवं विधुत नगर चैराहा अजमेर रोड़ से अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए गए। उपरोक्त कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम द्वारा 4 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया व अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 44 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।

भविष्य के लिए सख्त चेतावनी और समझाइश

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि इन सभी चिन्हित क्षेत्रों से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया है। दौरे के दौरान सतर्कता टीम द्वारा मौके पर समझाइष करते हुए मौखिक पाबंद करवाया गया। "भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा ले अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।" नगर निगम प्रशासन की इस मुस्तैदी से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है और विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story