गुलाबी नगरी की सड़कों को सुव्यवस्थित करने और अवैध अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने आज कड़ा रुख अख्तियार किया। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के कड़े निर्देशानुसार एवं पूर्व में प्राप्त जन-शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में गुरुवार को शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाते हुए मौके पर 12 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला और अतिक्रमण में प्रयुक्त 12 कैंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम भिजवाया।

सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई का दायरा शहर के प्रमुख व्यावसायिक और प्रशासनिक केंद्रों तक विस्तृत रहा। उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम द्वारा एमआई रोड, सतकार शॉपिंग सेंटर, टोंक रोड, त्रिवेणी पुलिया के नीचे, मानसरोवर अपेक्स महाविद्यालय के पास, वीटी रोड मानसरोवर, महिमा सर्किल, वंदेमातरम सर्किल तथा पत्रकार कॉलोनी मानसरोवर में सघन अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त स्टैच्यू सर्किल, वानिकी पथ हाईकोर्ट, सहदेव मार्ग सचिवालय, रेलवे स्टेशन, कलेक्ट्रेट सर्किल, बनीपार्क रोड, पानीपेच चौराहा, आर.पी.ए. रोड शास्त्री नगर, दूध मंडी रोड, हाथी बाबू हत्थे के सामने, कांति नगर, सिंधी कैंप, पोलोविक्ट्री, संजय सर्किल, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़ और चौड़ा रास्ता तक फैले अस्थाई अतिक्रमण को पूरी तरह से हटवाया गया।

कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए मौके पर ही समझाइश की। टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा पाए जाने पर भारी चालान और अधिक दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभियान के तहत सभी संबंधितों को मौखिक रूप से पाबंद किया गया है कि वे समय रहते अपने अस्थाई अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा नगर निगम प्रशासन द्वारा निरंतर इसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story