जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: कई इलाकों से हटाया अस्थाई अतिक्रमण, 3 केन्टर सामान जब्त
जयपुर नगर निगम ने शहर के कई इलाकों में अस्थाई अतिक्रमण हटाते हुए 3 केन्टर सामान जब्त किया और कैरिंग चार्ज वसूला। जानिए किन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई।

तस्वीर में नगर निगम जयपुर की सतर्कता टीम के कर्मचारी सड़क किनारे से जब्त की गई हाथगाड़ियों को ट्रक में लोड करते हुए दिख रहे हैं।
जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 केन्टर सामान जब्त किया तथा 1 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया।
कार्रवाई उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के सहकार मार्ग, गांधी नगर, ओटीएस चौराहा, झालाना अपेक्स सर्किल, बालाजी मोड़ से पत्रिका गेट तक दोनों तरफ, झोटवाड़ा पुलिया के नीचे, नाइयों का मोहल्ला गोविन्दपुरा, कालवाड़ रोड तथा प्रताप नगर चौराहा मुरलीपुरा में की गई। इस दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान 3 केन्टर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 1 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज भी वसूल किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर लोगों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय पर स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की यह कार्रवाई पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर शहर में अस्थाई अतिक्रमण पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
