जयपुर में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए 38 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और 7 कैंटर सामान जब्त किया। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में की गई।

नगर निगम की सतर्कता शाखा की टीम ने नकुलपथ लालकोठी स्कीम, टोंक फाटक बरकत नगर, मधुवन कॉलोनी किसान मार्ग, दुर्गापुरा पुलिया के नीचे, श्योपुर रोड, एनआरआई सर्किल, जूडियो मालवीय नगर, एनएनआईटी कॉलेज केलगिरी रोड, बैनाड़ रोड, सीतावाली फाटक, निवारू रोड वैद्य जी का चौराहा, मेडिकल सेंटर कालवाड़ रोड और विद्याधर नगर सहित अन्य स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए। कार्रवाई के दौरान 7 कैंटर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही, अस्थायी अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 38 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।

कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अतिक्रमण करने वालों को मौके पर समझाइश भी दी। उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में अस्थायी अतिक्रमण समय रहते हटा लें। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी कर नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या अन्य प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story