नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को शहर में अवैध अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशों एवं पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त (सतर्कता) के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटवाते हुए 2 केंटर सामान जब्त किया गया।

नगर निगम क्षेत्राधिकार में चीलगाड़ी रेस्टोरेंट के सामने, एचएमएनआईटी के पास मालवीय नगर तथा दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सतर्कता शाखा की टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए कुल 2 केंटर सामान जब्त कर उसे निगम के गोदाम में भिजवाया।

इस दौरान सतर्कता शाखा के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को समझाइश भी दी और स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में निर्धारित समय के भीतर सभी अस्थायी अतिक्रमण स्वयं हटा लिए जाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा नगर निगम क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण पाया गया तो संबंधितों के विरुद्ध भारी चालान अथवा कठोर प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन की सख्त नीति का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया है, जिससे सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित और सुगम बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Next Story