जयपुर में नगर निगम की कार्रवाई, 8 कैंटर सामान जब्त, 9 हजार वसूला
नगर निगम की सतर्कता शाखा ने मानसरोवर और दुर्गापुरा समेत कई इलाकों में अस्थाई अतिक्रमण हटाया और कैरिंग चार्ज वसूला।

जयपुर नगर निगम की सतर्कता टीम ने मानसरोवर में अवैध थड़ी-ठेले जब्त कर कैंटर में लादे।
जयपुर में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की सतर्कता शाखा ने कार्रवाई करते हुए 8 कैंटर सामान जब्त किया और अतिक्रमण करने वालों से 9 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया। सोमवार, 12 अक्टूबर को यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम क्षेत्राधिकार में वीटी रोड, थड़ी मार्केट, विजयपथ मानसरोवर, महारानी फार्म दुर्गापुरा, किंग्स रोड मानसरोवर और चित्रकूट स्टेडियम के पास अस्थायी अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान मौके से 8 कैंटर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही, अस्थायी अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 9 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण हटाने के साथ ही सतर्कता टीम ने मौके पर अतिक्रमण करने वालों को समझाइश दी। उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि वे भविष्य में अस्थायी अतिक्रमण को समय रहते हटा लें।
नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि भविष्य में नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई के तहत अतिक्रमण हटाने, सामान जब्त करने और कैरिंग चार्ज वसूलने के साथ संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।

