जयपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर 4 केन्टर सामान किया जब्त
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने हल्दीघाटी मार्ग, दुर्गापुरा पुलिया महावीर नगर और लालकोठी क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण हटाकर 4 केन्टर सामान जब्त किया। जानिए कार्रवाई और प्रशासन की चेतावनी।

तस्वीर में नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा द्वारा हल्दीघाटी मार्ग पर क्रेन की मदद से अस्थाई अतिक्रमण हटाकर सामान जब्त करते हुए अधिकारी और कर्मचारी नजर आ रहे हैं।
नगर निगम जयपुर सतर्कता शाखा ने सोमवार को अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 केन्टर सामान जब्त किया। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के विभिन्न स्थानों पर की गई।
सतर्कता शाखा की टीम ने हल्दीघाटी मार्ग, दुर्गापुरा पुलिया महावीर नगर और लालकोठी सब्जीमण्डी न्यूज 18 कार्यालय के पास अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान मौके से 4 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गौदाम में भिजवाया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में इन स्थानों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अस्थाई अतिक्रमण करने वालों को मौके पर समझाइश भी की और पाबंद करवाया कि वे समय पर अस्थाई अतिक्रमण हटा लें।
उन्होंने बताया कि यदि नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण जारी रखा गया तो अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर किए जा रहे अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासनिक सख्ती का संकेत मिला है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
