जयपुर में नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 केन्टर सामान जब्त किया और मौके पर 2 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया। कार्रवाई नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई।

नगर निगम जयपुर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में बुधवार, 22 जुलाई को नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में शिव रेजीडेन्सी, नारायण विहार, स्वर्णपथ मानसरोवर, 7 नंबर पुलिया महल रोड़ एवं करोलों का बाग जगतपुरा में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान 4 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 2 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।

उन्होंने बताया कि सतर्कता टीम द्वारा कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों को समझाइश करते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय पर हटा लिया जाए। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर किए जा रहे अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती का संदेश दिया गया है।

Next Story