राजधानी जयपुर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर औचक कार्रवाई करते हुए न केवल अवैध रूप से जमाए गए अस्थाई अतिक्रमणों को सख्ती से हटाया, बल्कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर आर्थिक दंड भी लगाया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के स्पष्ट निर्देशों और नागरिकों से लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के दृष्टिगत अमल में लाई गई है।

सतर्कता शाखा के उपायुक्त के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दिनभर शहर के पीएचक्यू के सामने, लक्ष्मी नगर चौराहा, विधानसभा रोड, सत्कार शॉपिंग सेंटर, मॉडल टाउन, सेक्टर-8 मालवीय नगर, महेश नगर पार्क, गांधीपथ 80 फीट रोड, वैशाली नगर में गुप्ता स्टोर के सामने, सिरसी रोड 200 फीट बाईपास, गोविंदम टावर, कालवाड़ रोड और झोटवाड़ा पुलिया के नीचे जैसे व्यस्ततम इलाकों में सघन अभियान चलाया। इन स्थानों पर सड़क किनारे किए गए अस्थाई अतिक्रमणों ने यातायात को बाधित कर रखा था, जिसके चलते आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

अभियान के दौरान टीम ने प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त कर उसे नगर निगम के गोदाम में भिजवा दिया। इस दौरान कुल चार कैंटर सामान जब्त किया गया। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले लोगों से मौके पर ही 10 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को समझाइश देते हुए कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में सड़क मार्ग पर दोबारा अवैध अतिक्रमण किया गया, तो उनके विरुद्ध भारी चालान काटने के साथ-साथ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस निरंतर कार्रवाई से अवैध रूप से सड़क किनारे कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story